उदासी ने फिर
बिखेर लिए हैं अपने बाल
अकेलेपन के आगोश में
गिरती चली जा रही हूं
पराजित योद्धा की तरह
लौटना था घर
कोई युद्ध का मैदान नहीं
कोई वांछित सा संघर्ष भी नहीं
ऐसा भी नहीं था कुछ
जिसमें झोंका जा सके
समूची ऊर्जा को
एक घर से दफ्तर के बीच का फासला था
एक फासला था इच्छा से विवशता के बीच
ढेर सारा ट्रैफिक
ढेरों लोगों की बकझक थी
थोड़े से जीवन के बचे रहने की उम्मीद की तरह
रोजाना लौटना था घर
रोजाना के इस लौटने में
रोजाना की पराजय का बोध था।
25 सितम्बर 1998
हवा झुलसा जाती थी उसकी इच्छाओं को
बूर ही जाती थी रेत खिलते सपनों को
उसके छोटे-छोटे सुख
दबे थे दूर-दूर तक पसरे धोरों के नीचे
वह लड़की
एक मरुस्थल में जीती थी
तपते रेगिस्तान के बीच
औसत ही मिला था उसे जीवन
पिता की आंखों में खटकने लगी थी उसकी देह
प्रेमी की आंखों में खुभती
पति ने सहलाया बहुत
लगाए थे गोते उसके अंधेरों में
पर
अनछुए ही रहे उसके दुख
भिगोया नहीं किसी बारिश ने
उसे गहरे तक
उसकी नम आंखों के मुंदने पर
भांय-भांय कर उड़ती थी रेत उसके भीतर
वहीं किसी मरीचिका की तरह
डबडबाता दीख पड़ता था
मां का कोमल चेहरा
दुःखों के पहाड़ ढोती मौसी
या हाड़ तोड़ती नानी
विलगा नहीं पाती थी इन चेहरों को वह
हर चेहरे में अपनी ही झलक मिलती उसे
वह भागती चली जाती थी नंगे पांव
जून के निर्जन मरुस्थल में
कहीं कोई कोयल नहीं कूकती
कहीं कोई अमलतास नहीं दीखता था उसकी आंखों को
बस
दूर-दूर तक पसरे धोरे थे
खेजड़ी के रूंख थे
आक थे
और दुःख थे उसके
जिनका भार
बढ़ता ही जाता था
लगातार।
6 जून 1998
पेट की भूख का रिश्ता रोटी से था
यूं रोटी का और मेरा एक रिश्ता था
जे बचपन से चला आता था
रोटी की गंध में
मां की गंध थी
रोटी के स्वाद में
बचपन की तकरारों का स्वाद
इसी तरह आपस में घुले-मिले
रोटी से मां, भाई और बहन के रिश्तों का
मेरा अभ्यास था
पिता
वहां एक परोक्ष सत्ता थे
जिनसे नहीं था सीधा किसी गंध और स्वाद का रिश्ता
बचपन के उन दिनों
रोटी बेलने में रचना का सुख था
तब आड़ी-तिरछी
नक्शों से भी अनगढ़
रोटी बनने की एक लय थी
जो अभ्यास में ढलती गई
अब
रोटी की गंध में
मेरे हाथों की गंध थी
रोटी के स्वाद में
रचना और प्रक्रिया पर बहसों का स्वाद
रोटी बेलना अब रचना का सुख नहीं
बचपन का अभ्यास था।
1 सितम्बर 1997
उसके कदमों की आहट
सुनाई नहीं देती
खटकाता है वह कुंडी इस तरह
मानो डरता हो
कहीं जाग न जाए दीवार पर सोई छिपकली
इस तरह आता है वह
और घुल जाता है इस तरह
जैसे कभी गया ही न था
अपनी खिलखिलाती हंसी से
भर देना चाहता हो जैसे
उन तमाम कोनों को
उदासी जहां बाल बिखेरे बैठी है
कुछ देर के लिए ही सही
समेट लेती है वह जुड़े में अपने बाल
घूमने लगती है यूं ही
इधर-उधर
बनाती है चाय
बिखरे घर को समेटते
व्यस्त होने का दिखावा करती
हंसती है फीकी हंसी
जिसके किनारों पर
उदासी पांव जमाए बैठी है
वह बना रहता है अनजान
फिल्मों की बातें करता है
पूछता है बच्चों के हाल-चाल
अचानक घड़ी को देखते हुए
कुछ इस तरह चल देता है
जैसे याद आया हो अभी-अभी
छूट रहा कोई बेहद जरूरी काम
बहुत जल्दबाजी में विदा ले
निकल आता है वह सड़क पर
जहां घंटों भटकता है यूं ही