शुक्रवार, 1 जुलाई 2011

अन्तहीन हैं मेरी इच्छाएं

समय बहुत कम है मेरे पास
और अन्तहीन हैं मेरी इच्छाएं

गोरैया सा चहकना चाहती हूँ मैं
चाहती हूँ तितली कि तरह उड़ना
और सारा रस पी लेना चाहती हूँ जीवन का

नाचना चाहती हूँ इस कदर कि
थक कर हो रहूँ निढाल

एक मछली की तरह तैरना चाहती हूँ
पानी की गहराइयों में

सबसे ऊंचे शिखर से देखना चाहती हूँ संसार
बहुत गहरे में कहीं गुम हो रहना चाहती हूँ मैं

इस कदर टूट कर करना चाहती हूँ प्यार कि बाकि न रहे
मेरा और तुम्हारा नमो निशान
इस कदर होना चाहती हूँ मुक्त कि लाख खोजो
मुझे पा न सको तुम
फिर
कभी भी कहीं भी

सोमवार, 27 जून 2011

इंतजार

तुम्हारे इंतज़ार में खड़ी थी मैं दरवाज़े पर
हाथों में सजा रखा था थाल
सुर्ख लाल था सिन्दूर का रंग
चावल के दानों में थी बरकत कि दुआएं
ताम्बे के लोटे में पानी
ताउम्र तुम्हारे जीवन में शीतलता की कामना के लिए भरा था
मिठास कि दुआ के साथ रखी थी थाली में मिश्री कि डली
तुम थे कि आते ही न थे
आँखे जुड़ा जाती थी राह देखते देखते
पर तुम थे कि आते ही न थे

वह रोजाना गुज़रता था उस दरवाज़े के आगे से
देखता और मुस्कराता
कभी कभी कुछ देर ठहर जाता
कुछ बातें करता
और चल देता इस दुआ के साथ कि
जल्द ही पूरा होगा यह इंतजार
उसने इंतजार के उस समय को
अपनी बातों से जीवन दिया बार बार
कई बार कहा
थक गई होगी
जाओ सो लो कुछ देर
मैं खड़ा रहूँगा यहाँ
उसका साया भी नज़र आया तो
नींद में पुकार लूँगा तुम्हें
कई बार बना लाता था चाय
हम तुम्हारी बातें करते
चाय कि चुस्कियों के साथ करते रहे तुम्हारा इंतजार
कितने दुःख कितने सुख
हमने बांटे इस तरह साथ साथ

मैं उस दिन भी खड़ी थी उसी तरह
वह उसी तरह गुज़र रहा था
दरवाज़े के सामने से
बस उस दिन वह आया
और हो रहा खड़ा ठीक सामने
कुछ कहा नहीं
बस देखता रहा आँखों में
मैंने सुर्ख लाल सिन्दूर से रंग दिया उसका माथा
चावल के दानों को मुट्ठी में भर उछाल दिया उसके ऊपर
और ठंडा पानी उसे पीने के लिए दिया
उसके गले में दाल दी वे फूल मालाएँ
जिन्हें हर सुबह ताज़ा फूलों को चुन कर बनाया था मैंने
यह जो मिठास है मिश्री की
बस घुलती ही जा रही है
इस मिठास के साथ बढती ही जाती है तुम्हारी याद

अब भी हमारी निगाहें दरवाज़े पर लगी हैं
अब भी हम करते हैं इंतजार
तुम न भी आओ तो कोई बात नहीं
जहाँ भी रहना खुश रहना
बस यह मत भूलना
कि दो जोड़ी आँखें अब भी करती हैं तुम्हें याद
और करती हैं उसी शिद्दत के साथ तुम्हारा इंतजार

बुधवार, 11 मई 2011

जान इस बार मत करना किसी से प्यार

जान
तुम्हारी कवितायेँ मेरे भीतर एक कोहराम मचा देती हैं

मैं जैसी भी हूँ
ठीक ही हूँ
हवाएं अब भी सहलाती हैं मुझे
बस तुम्हारी छूअन नहीं तो क्या
धूप अब भी उतनी ही तीखी है
बस अब बारिशों का इंतज़ार नहीं रहा
एक रास्ता है
जो दूर अनंत तक जाता है
एक चाह है
जो उस अनंत के पार देखती है हमे साथ
तुम बैठे हो मूढे पर
तुम्हारी गोद में मेरी देह ढुलक रही है
तुम्हारे हाथ गुदगुदा रहे हैं मुझे
और मेरे चेहरे पर तैर रही रही हंसी का अक्स
झलक रहा है तुम्हारी आँखों में
और तुम्हारी उँगलियों की सरगम में भी

यह तुम्हें फंसाने कि साजिश नहीं
याद है विशुद्ध
जिसका छाता तान
चलना सोचा है मैंने
इस लम्बी तपती राह पर
जो अनंत तक जाती है
जिस अनंत के छोर पर
हम खड़े हैं साथ
तुम्हारे सीने में धंसा लिया है
मैंने अपना चेहरा
तुमने कस कर भर लिया है मुझे अपने बाहों में
यह बात दीगर है कि
शेष प्राण नहीं हैं उस देह में
यह अंतिम विदा का क्षण है

हमने सडकों पर पागलपन में भटकते हुए बिताई है रातें
करते हुए ऐलान अपने पागलपन का
हमने बिस्तर में झगड़ते हुए बिताई है कई दोपहरें
ढूँढते हुए प्यार
हमारी यही नियति है
कि हम लिखें इस तरह
कि कर दे लहू लुहान
और देखें एक दूसरे कि देह पर
अपने दिए
नख दन्त क्षत के निशान

हम प्रेम और घृणा को अलग अलग देखना चाहते हैं
हमारे ह्रदय में जब उमड़ रहा होता है प्रेम
उस वक़्त पाया है मैंने
सबसे ज्यादा पैने होते हैं हमारे नाखून
तीखे होते हैं दांत उसी वक़्त सबसे ज्यादा

प्रेम तुम्हारी यही नियति है
तुम निरपेक्ष नहीं होने देते
न होने देते हो निस्पृह
तुम क्यों घेर लेते हो इस तरह
कि खो जाता है अपना आप
कि उसे पाया नहीं जा सकता फिर कभी

मुझे कभी कभी उस बावली औरत कि याद आती है
जो भरी दोपहरियों में भटकती थी सडकों पर
भांजती रहती थी लाठी यहाँ वहां
किसी के भी माथे पर उठा कर मार देती थी पत्थर
उसका पति खो गया था इस शहर में
जिससे उसने किया था बेहद प्यार
उसकी याद में उसे सारा शहर सौतन सा नज़र आता था
प्रेम में इंसान कितना निरीह हो जाता है
कितना निरुपाय और निहत्था

जान
इस बार मत करना किसी से प्यार
यदि करो भी तो
कम से कम उसे यकीन मत दिलाना
बार बार इस तरह किसी का दिल दुखाना
तुम्हारे चेहरे पर जंचता नहीं है

या कम से कम इतना करना
कि बस थोड़े से सरल हो जाना

सोमवार, 25 अप्रैल 2011

दो कवितायेँ

१.
'देखो वह चला जा रहा है, एक बार भी नहीं देखा मुड़ कर.'
'सुनो यूँ उदास न हो... लाओ मैं तुम्हारा हाथ थाम लेता हूँ कुछ देर.... यहाँ मेरे कंधे पर रख लो अपना सर'
'क्या वह एक बार लौट कर नहीं आ सकता... सिर्फ एक बार बाँहों में लेकर अलविदा कहने के लिए भी नहीं...'
'लौट आयेगा शायद... कोई कैसे जा सकता है तुम्हें ऐसे छोड़ कर... कैसे? वो जा नहीं सकेगा दूर तक.... ओह! काश मैं तुम्हारी कुछ भी मदद कर पाता..'


2.
जब तुम खड़े हो मुंह फेर
मैं भी नहीं पुकारूंगी
पर इन सपनों का क्या करूँ
जहाँ चले आते हो तुम
हर रात
टूट कर करते हो प्यार
क्या ऐसा कोई दरवाज़ा है
जिसे बंद किया जा सके
सपनों पर
ताकि सो सकूं मैं
चैन कि नींद
इन लम्बी अकेली रातों में

रविवार, 20 मार्च 2011

'क्या तुमने चाँद को देखा?'

'क्या तुमने चाँद को देखा?'
'होल्ड करो, मैं बालकोनी में जा कर देखती हूँ.'
'आज उसका रंग तुम्हारी पिंडलियों सा चमक रहा है.'
'काश की हम अपने अपने शहर से झुज्झा डालते और डोर को थाम झूला झूलते और इस तरह कहीं बीच में एक दूसरे को छू जाते. '

शुक्रवार, 24 दिसंबर 2010

उसका जाना

वह एक जंगल में गया

जो बाहर से बीहड़ था

अंदर से बेहद सुकुमार

वहां जगमगाती रोशनियां थीं,

रंग थे, फूलों वाली झाड़ियां थीं,

सम्मोहक तंद्रिल संगीत था

वह गया

कि उतरता चला गया

उसकी स्मृतियों में पीछे छूट चुके हम थे

जिनके बाल बिखरे थे

जिनके पैरों पर धूल जमी थी

जो कई-कई दिनों में नहाते थे

पलट कर उसने देखा नहीं

हम देखते रहे उसका जाना

एक बीहड़ में

खौफनाक जानवरों के बीच

हमें देख हिलाते हाथों की ऊर्जा उसकी नहीं थी।

एक दिन

कपड़े पछीटते-पछीटते एक दिन

मेरे हाथ दूर जा गिरे होंगे

मेरी देह से

चूमते-चूमते छिटक कर

अलग हो गए होंगे

होंठ मेरे चेहरे से

तुम्हारे दांतों बीच दबा स्तन

नहीं कराएगा मेरे ही सीने पर होने का अहसास

वह लड़की जो मुझमें थी

सहम कर दूर खड़ी होगी

तड़प रहा होगा कोई भ्रूण मुझसे हो कर जन्मने को

क्रूर

बेहद क्रूर होगी

मेरे आस-पास की शब्दावली

निश्चेष्ट पड़े होंगे मेरे अहसास

कठिन

उस बेहद कठिन समय में

रचना चाहूंगी जब एक बेहतर कविता

मेरी कलम टूट कर गिर गई होगी

लुढ़क गई होगी मेरी गर्दन एक ओर

तुम अपलक देख रहे होगे

उस दृश्य को।